सत्य पथिक वेबपोर्टल/वाशिंगटन-नई दिल्ली/Quad Fellowship: संयुक्त राज्य अमेरिका ( U.S.A.) में प्रतिष्ठित क्वाड फैलोशिप के तहत भारत से 25 छात्रों को चुना गया है। इस फैलोशिप के लिए भारत के साथ ही क्वाड के अन्य देशों ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका से भी 25-25 मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया गया हैं।

फैलोशिप के लिए चुने जाने पर अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने इन सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका के क्वाड फेलो के पहले दस्ते को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि ये युवा फेलो क्वाड देशों को और करीब लाएंगे। क्वाड देशों के नेताओं ने इस साल मई में ‘क्वाड फेलोशिप’ शुरू की थी, जो अपनी तरह का पहला छात्रवृत्ति कार्यक्रम है। इसे चारों सदस्य देशों के अगली पीढ़ी के वैज्ञानिकों और प्रौद्योगिकीविदों के बीच संवाद कायम करने के मकसद से तैयार किया गया है।
सुलिवन ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि आज हम 100 विविध, बहुविषयक, प्रेरक और असाधारण छात्रों के समूह का स्वागत करते हुए बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। इनमें प्रत्येक क्वाड देश के 25-25 छात्र शामिल हैं, जो महान एसटीईएम पेशेवरों की अगली पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं।
सुलिवन ने कहा कि इनमें से प्रत्येक फेलो ने हमारे चार महान लोकतंत्रों के बीच नवाचार और सहयोग को आगे बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साथ-साथ पूरी दुनिया के लिए एक बेहतर कल बनाने की दिशा में उत्साह का प्रदर्शन भी किया है। साथ ही कहा कि हमें विश्वास है कि हमारा भविष्य अच्छे हाथों में है।