सपा प्रत्याशी-पूर्व विधायक विनय तिवारी को 33 हजार से भी ज्यादा वोटों से हराया, जीत का जश्न शुरू
सत्य पथिक वेबपोर्टल/गोला गोकर्णनाथ-खीरी/Aman Giri wins: उत्तर प्रदेश की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने इस सीट को बरकरार रखा है। दिवंगत भाजपा विधायक अरविंद गिरि के पुत्र अमन गिरि ने सपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक विनय तिवारी को करीब 33 हजार वोटों के भारी अंतर से हरा दिया है।

भाजपा विधायक अरविंद गिरि के निधन के कारण खाली हुई गोला विधानसभा सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस और बसपा ने हिस्सा नहीं लिया था। लिहाजा यहां पूर्व विधायक-सपा उम्मीदवार विनय तिवारीा और दिवंगत विधायक अरविंद गिरि के पुत्र भाजपा प्रत्याशी अमन गिरि के बीच सीधा मुकाबला हुआ और अमन गिरि ने 33 हजार वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। जीत की घोषणा होने से पहले ही मतगणना स्थल पर सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए और अमन गिरि की जीत का जश्न शुरू हो गया है। गोला नगर में भी भाजपा प्रत्याशी अमन गिरि की जीत की खुशी में पटाखे फोड़े जा रहे हैं।

जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी अमन गिरि ने कहा कि पिताजी के सभी साथियों ने सहयोग किया। सभी वर्गों का सहयोग मिला। पिताजी के अधूरे काम और सपने पूरे करने हैं। इस जीत के साथ ही अमन गिरि पिता की जीत से भी आगे निकल गए हैं। दिवंगत विधायक अरविंद गिरि ने 29274 वोटों से जीत दर्ज की थी जबकि उनके बेटे अमन गिरि ने सपा प्रत्याशी विनय तिवारी को 33,176 वोटों से हराया है।
हार के बाद सपा प्रत्याशी विनय तिवारी ने कहा कि जनता नहीं, सरकार चुनाव लड़ रही थी। हार की समीक्षा करेंगे। हमें जनता का जनादेश स्वीकार है।
भाजपा प्रत्याशी अमन गिरि को 122460 वोट मिले। वहीं, सपा के विनय तिवारी को 89284 वोट मिले। काउंटिंग 31 राउंड तक चली। भाजपा के अमन गिरि ने सपा के विनय तिवारी को 33,176 वोटों से शिकस्त दी।