कोरोना के बाद अब भारत में एक और अज्ञात बीमारी पांव पसार रही है। आंध्र प्रदेश में पश्चिम गोदावरी जिले के एलुरु के अलग-अलग इलाकों में यह बीमारी फैल रही हैं। शनिवार रात तक इसके 55 मामले सामने आए। रविवार सुबह तक यह संख्या 170 हो गई और दोपहर तक 200 से ज्यादा हो गई। इस बीमारी के पीड़ित मरीज को सर दर्द के साथ उल्टी और चक्कर आ रहे हैं।

एलुरु के गवर्नमेंट हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट डॉ. मोहन ने बताया कि बीमार पड़ने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मरीजों में चक्कर आने, सिरदर्द और मिर्गी जैसे लक्षण दिख रहे हैं। इसका कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री अला काली कृष्णा ने कहा कि हालात अब अंडर कंट्रोल है। सभी तरह की मेडिकल सुविधाएं मरीजों को मुहैया कराई जा रहीं हैं। सभी मरीज सुरक्षित हैं।
अलग-अलग इलाकों से आए मरीज
डॉक्टरों ने बताया कि सभी मरीजों के ब्लड, खाने और पानी के सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। अब तक उनकी रिपोर्ट नहीं आई है। सभी मरीजों की सीटी स्कैन और एक्सरे रिपोर्ट नॉर्मल आई है। हैरानी की बात यह है कि सभी मरीज अलग इलाकों के रहने वाले हैं। उनका आपस में कोई कॉन्टेक्ट नहीं है और हाल में वे किसी समारोह में शामिल भी नहीं हुए हैं।
इसके बावजूद सभी में एक जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। 76 महिलाओं और 46 बच्चों समेत बाकी मरीजों का इलाज चल रहा है। छह साल की एक बच्ची को सीरियस हालत में विजयवाड़ा रेफर किया गया है। वहां एमरजेंसी मेडिकेयर सेंटर तैयार किया गया है। ज्यादातर मामले कोब्बारी थोटा, कोथापेटा, तोरपु वीधी और अरुंधति पेटा से सामने आए हैं।
डिप्टी सीएम और आला अधिकारी पहुंचे
वेस्ट गोदावरी और कृष्णा जिले के अलग-अलग अस्पतालों की मेडिकल टीमें प्रभावित इलाके में डेरा डाले हुए हैं। यहां स्पेशल कैंप्स में मरीजों का इलाज चल रहा है। डिप्टी CM, हेल्थ मिनिस्टर और आला अधिकारी मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
ज्वाइंट कलेक्टर ने बताया कि एलुरु म्युनिसिपल ऑफिस में कॉल सेंटर बनाया गया है। किसी भी एमरजेंसी में लोग यहां फोन कर सकते हैं। कुछ मरीजों का इलाज निजी अस्पतालों में भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल से करीब 70 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। मरीजों को इलाज से फायदा हो रहा है। वे सभी तेजी से रिकवर हो रहे हैं।
कोरोना की मार भी झेल रहा आंध्र प्रदेश
आंध्र प्रदेश कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में तीसरे नंबर पर है। उससे आगे महाराष्ट्र और कर्नाटक हैं। आंध्र प्रदेश में अब तक कोरोना के 8.71 लाख केस आ चुके हैं। इनमें सात हजार से ज्यादा की मौत हुई है। 8 लाख 58 हजार 115 मरीज ठीक हो चुके हैं। 6 हजार 166 का इलाज चल रहा है।