प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर दी जानकारी, उपलब्धियों का बखान करते हुए बधाई भी दी
सत्य पथिक वेबपोर्टल/नई दिल्ली/nominated in Rajyasabha: देश की महान एथलीट पीटी उषा, संगीतकार इलैया राजा, वीरेंद्र हेगड़े और वी. विजयेंद्र प्रसाद को राज्यसभा के लिए नामित किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर यह इसकी जानकारी दी है। अपने टवीट में उन्होंने लिखा है-एशियन गेम्स-1982 की गोल्ड मेडलिस्ट महान एथलीट पीटी उषा के नाम खेलों में तो कई उपलब्धियां दर्ज हैं ही; पिछले कई वर्षों से नवोदित एथलीटों का मार्गदर्शन करने का उनका काम भी उतना ही सराहनीय है। राज्यसभा के लिए मनोनीत किए जाने पर उन्हें बधाई।

प्रधानमंत्री ने इलैया राजा के बारे में बताया कि उन्होंने अपने संगीत से पीढ़ी-दर-पीढ़ी लोगों को मंत्रमुग्ध किया है। खुशी है कि उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है।

पीएम मोदी ने बताया कि वीरेंद्र हेगड़े सामुदायिक सेवा में अग्रणी हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में उन्होंने उल्लेखनीय महान कार्य किए हैं। राज्यसभा सदस्य की हैसियत से भी वह निश्चित ही संसदीय कार्यवाही को समृद्ध करेंगे।

वी. विजयेंद्र प्रसाद को भी राज्यसभा सदस्य नामित किया गया है। प्रधानमंत्री ने बताया कि वी. विजयेंद्र प्रसाद दशकों से रचनात्मक दुनिया से जुड़े हैं। उनकी रचनाएं भारत की गौरवशाली संस्कृति को प्रदर्शित करती हैं और विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं।