सत्य पथिक वेबपोर्टल/बरेली/Awareness Workshop: द्रौपदी कन्या इण्टर कॉलेज बरेली में दवा कंपनी मेयर बायोटिक्स की ओर से महिलाओं में होने वाले पॉलिसिस्टिक ओवरी डिसऑर्डर पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। शहर की जानी-मानी स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनिकोलॉजिस्ट) डाॅ. दिव्या अग्रवाल ने कार्यशाला में छात्राओं-शिक्षिकाओं को इस बीमारी से बचाव के लिए कारगर टिप्स दिए।

स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅ. दिव्या अग्रवाल ने बताया कि पॉलिसिस्टिक ओवरी डिसऑर्डर महिलाओं में होने वाली आम बीमारी है लेकिन दिनचर्या सुधार कर, शारीरिक स्वच्छता अपनाकर और हार्मोनल बदलावों को नियंत्रित रखकर महिलाएं इस बीमारी से काफी हद तक निजात पा सकती हैं। पॉलिसिस्टिक ओवरी डिसऑर्डर की बीमारी से ग्रसित महिलाओं में अनचाहे बालों का बढ़ना, अनियमित मासिक चक्र, सिर-दर्द, अनिद्रा, वजन बढ़ना, मुंहासे जैसे लक्षण दिख सकते हैं। पौष्टिक आहार के साथ ही दैनिक व्यायाम करके और शरीर का वजन घटाकर इस बीमारी को नियंत्रण में रखा जा सकता है।

प्रधानाचार्या डॉ.रामश्री ने कार्यशाला में आए सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में छात्राओं ने प्रतिभाग किया।