मीरगंज के गांव ठिरिया बुजुर्ग में भव्य कलशयात्रा के साथ हुआ स्वामी श्री बृजभूषणाचार्य की संगीतमय साप्ताहिक भागवत्कथा का शुभारम्भ
सत्य पथिक वेबपोर्टल/मीरगंज-बरेली/Devotion: श्री राधाकृष्ण मंदिर ठिरिया बुजर्ग पर साप्ताहिक श्री मद्भागवत कथा का शनिवार भाद्रपद पूर्णिमा 10 सितम्बर शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हो गया। श्राद्ध पक्ष में यह भागवत कथा 16 सितंबर तक चलेगी।

कलश यात्रा का नेतृत्व पाणि घाट वृन्दावन से आए कथा व्यास श्रीश्री 1008 स्वामी बृजभूषणाचार्य जी महाराज ने किया। अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के जिलाध्यक्ष और भागवत कथा के संयोजक अरुण शुक्ल संगठन के समस्त पदाधिकारियों और मंदिर के महंत अशोक उपाध्याय एडवोकेट तथा अन्य अनेक श्रद्धालुओं के साथ राम गंगा के कछला घाट से पवित्र जल लेकर गाजे-बाजे के साथ कथा स्थल पर पहुंचे।

ठिरिया बुजुर्ग और आसपास के गांवों में पीतवस्त्रधारी सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की भव्य कलशयात्रा निकाली गई। बाद में कलशों को विधि-विधान से कथास्थल पर स्थापित कराया गया। कलश यात्रा में सचिन उपाध्याय, टिंकू भारद्वज, मिंटू भारद्वाज, अरविंद उपाध्याय आदि ने भी सहयोग किया। पहले दिन शाम छह से रात 11 बजे तक चले कथासत्र में कथाव्यास स्वामी बृजभूषणाचार्य जी महाराज ने श्रीमद्भागवत के माहात्म्य का बखान करते हुए बताया कि भागवत्कथा पापनाशिनी और मोक्षदायिनी है। श्रद्धाभाव से भागवत् कथा सुनने से जीव के जन्म-जन्मान्तर के पाप नष्ट हो जाते हैं और अनायास ही मोक्ष की प्राप्ति हो जाती है। कथा सुनने को पहले ही दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।