भाषण के दौरान पीछे से मारी गई गोली, हमलावर गिरफ्तार
सत्य पथिक वेबपोर्टल/टोक्यो/Attack on Shinzo Abe: जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को भाषण के दौरान गोली मार दी गई। गोली सीने के पास लगी है। काफी खून बह जाने और गोली लगने के बाद दिल का दौरा भी पड़ जाने से हॉस्पिटल में आबे की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल मौके से एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है।

चुनाव प्रचार के दौरान हुआ हमला
शिंजो आबे पर यह हमला नारा शहर में उस वक्त हुआ जब वह भाषण दे रहे थे। अचानक पीछे से एक शख्स ने गोली मार दी। गोली लगते ही आबे जमीन पर गिर गये। उनके शरीर से खून बह रहा था। बता दें कि जापान में रविवार को उच्च सदन के चुनाव होने हैं। शिंजे आबे यहां चुनाव प्रचार कर रहे थे।

हमले के बाद मची भगदड़
हमले के बाद के कुछ वीडियोज भी अब सामने आने लगे हैं। इनमें भगदड़ जैसी स्थिति दिख रही है।
स्वास्थ्य कारणों से दो साल पहले दिया था इस्तीफा
सेहत खराब होने पर शिंजो आबे ने साल 2020 में प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। आबे लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। वे जापान के सबसे लंबे वक्त तक पीएम रहे हैं।
पद्म विभूषण से भी सम्मानित हो चुके हैं
जापान के पूर्व पीएम आबे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खास दोस्त हैं। कई मौकों पर पीएम मोदी और शिंजो आबे एक दूसरे को याद कर चुके हैं। पिछले साल ही भारत में शिंजो आबे को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
मित्र शिंजो अबे पर हमले से व्यथित हूं-मोदी
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ” मित्र अबे शिंजो पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं। हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके, उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।” पीएम मोदी के साथ ही विश्व के विभिन्न नेताओं ने भी उक्त घटना पर प्रतिक्रिया दी है।