नई दिल्ली, सत्य पथिक न्यूज नेटवर्क: देश में कोरोना संक्रमण के कम होते मामलों के बीच अब अधिकतर राज्यों ने स्कूल खोले जाने का ऐलान कर दिया है। कई राज्यों ने कक्षा 10 से 12वीं तक के स्कूल-कालेज पहले ही खोल दिए थे। वहीं, अब कक्षा 1 और 2 के छात्रों के लिए भी कल एक फरवरी से स्कूल खोले जाने की तैयारी है।
महाराष्ट्र के पुणे और ठाणे जिले में खुलेंगे स्कूल
महाराष्ट्र के ठाणे और पुणे जिलों ने क्रमशः 27 जनवरी और 1 फरवरी से स्कूलों को फिर से खोलने का फैसला किया है, दोनों जिलों में नगर निगमों ने सख्त कोरोना के दिशानिर्देश जारी किए हैं। पुणे नगर निगम (PMC) ने 1 फरवरी से कक्षा 5 वीं से 8 वीं तक के स्कूलों को फिर से खोलने की अनुमति दी, जबकि ठाणे में, कक्षा 5 वीं से 8 वीं के छात्रों को 27 जनवरी से स्कूल खोले गए हैं।
पंजाब में सशर्त मंजूरी के साथ खुलेंगे
पंजाब के स्कूल शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला ने बताया कि राज्य सरकार की सशर्त मंजूरी के बाद सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल 1 फरवरी से कक्षा 1 और 2 और पूर्व-प्राथमिक कक्षाओं के लिए फिर से खोलने के लिए तैयार हैं।
आंध्र प्रदेश में खुलेंगे स्कूल
आंध्र प्रदेश सरकार ने 1 फरवरी से कक्षा 1 से 5 तक के स्कूल पूरे दिन खोलने के दिशानिर्देश जारी किए हैं। हालांकि, छात्र केवल अभिभावक की लिखित सहमति के साथ ही कक्षाओं में भाग लेंगे। कक्षा में केवल 20 छात्र होने चाहिए।
हरियाणा में भी कल से खुलेंगे छठी से आठवीं तक के स्कूल
हरियाणा में 1 फरवरी से कक्षा 6 से 8 तक के स्कूल फिर से खुलेंगे। स्कूलों का समय सुबह 10 से दोपहर 1.30 बजे के बीच होगा।
गुजरात में भी शुरू हो रहे हैं स्कूल
गुजरात में ग्रेड 9 और 11 की ऑफलाइन कक्षाएं 1 फरवरी से फिर से शुरू हो रही हैं। इससे पहले, राज्य में 11 जनवरी को कक्षा 10 और 12 तक के स्कूल खोले गए थे।

एक फरवरी से 100 फीसदी क्षमता के साथ चलेंगे सिनेमाघर, मल्टीप्लेक्स
सिनेमाघरों में फिल्म देखने वाले दर्शकों के लिए खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स के लिए नई गाइडलाइंस जारी की हैं। इस गाइडलाइंस का अनुपालन कराते हुए अब सिनेमाघरों मल्टीप्लेक्स को दर्शकों की 100 प्रतिशत क्षमता के साथ चलाया जा सकेगा। दर्शकों को फिल्म दिखाने की अनुमति दे दी गई है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट की ताजा पोस्ट में यह दावा किया है।
गाइडलाइन्स का पालन कराना होगा अनिवार्य
नए एसओपी के अनुसार सभी सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में कम से कम 6 फीट की दूरी बनाए रखना अनिवार्य रहेगा। थिएटर में प्रवेश करने वाले लोगों को मास्क भी अनिवार्य रूप से लगाना होगा। सिनेमाहॉल के कॉमन एरिया, एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर दर्शकों के लिए सैनेटाइजर रखना भी अनिवार्य है। थूकना सख्त वर्जित होगा। सिनेमाघरों में आने वाले लोगों के लिए मोबाइल में आरोग्य सेतु ऐप का होना भी अनिवार्य रहेगा। इस नई गाइडलाइंस को 1 फरवरी से देशभर के सभी सिनेमाघरों में लागू कर दिया जाएगा। सरकार के इस फैसले से निश्चित रूप से फिल्म इंडस्ट्री को बल मिलेगा। साथ ही फिल्ममेकर्स बड़ी फिल्मों को थिएटर्स में रिलीज करने के लिए प्रेरित होंगे।