सत्य पथिक वेबपोर्टल/मीरगंज-बरेली/Aastha: मीरगंज विकास क्षेत्र के गांव ठिरिया बुजुर्ग के श्रीराधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में श्राद्ध पक्ष में चल रही साप्ताहिक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में इन दिनों रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु भक्ति-प्रेम, ज्ञान और आनंद की मंदाकिनी में खूब गोते लगा रहे हैं।

चौथे दिन मंगलवार शाम को भागवत्कथा में वृन्दावन धाम के कथाव्यास स्वामी बृजभूषणाचार्य जी महाराज ने भक्त प्रह्लाद चरित्र, वामन अवतार और राजा बलि चरित्र और भगवान श्रीराम के अवतार, उनके विवाह, वनवास, रावण वध और श्रीकृष्ण जन्म की कथाएं अपनी अमृतमयी मधुर वाणी में विस्तार से सुनाईं। पूरे समय सारे भक्तगण मंत्रमुग्ध होकर भक्ति में झूमते रहे।

कथा सुनने के लिए अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ला, मुकेश पांडे, लवलेश पाठक, अनिल शुक्ला, भाजपा नेता सुधीर शर्मा, फौजी अनुज पांडे, कवि देवेंद्र शर्मा, परीक्षित अशोक उपाध्याय, मुकेश सिंह, राजीव सारस्वत, टिंकू भारद्वाज, मिंटू भारद्वाज, महेंद्र सिंह आदि भारी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चों ने उपस्थिति दर्ज कराई।

आरती, प्रसाद वितरण के साथ कथासत्र को विश्राम दिया गया।