सत्य पथिक वेबपोर्टल/भोपाल-धार (मप्र)/Massive Accident: मध्यप्रदेश के धार जिले के खलघाट में यात्रियों से भरी महाराष्ट्र राज्य परिवहन की बस नर्मदा नदी में गिरने से 13 यात्रियों की मौत हो गई। हादसा खलघाट पुराने पुल पर सुबह पौने 10 बजे का बताया जा रहा है। सभी 13 लोगों के शव नदी से निकाले जा चुके हैं। हादसे में किसी भी यात्री की जान नहीं बची। बस को क्रेन के जरिए नदी से निकलवाया गया। हादसा रॉन्ड साइड से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के दौरान हुआ। बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे 25 फीट नीचे नदी में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार इंदौर से महाराष्ट्र की ओर जा रही महाराष्ट्र की रोडवेज बस खलघाट संजय सेतु पुल पर संतुलन बिगड़ने के कारण 25 फीट नीचे नदी में जा गिरी। मौके पर मुस्तैद धामनोद और खलटाका की पुलिस ने मोर्चा संभाला और तेजी से बचाव कार्य किया। गोताखोरों की मदद से नदी से सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया लेकिन किसी को भी जिंदा नहीं बचाया जा सका। NDRF की टीम भी राहत बचाव के लिए मौके पर मौजूद है। इंदौर कमिश्नर पवन कुमार शर्मा ने धार और खरगोन के कलेक्टर्स को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए थे, प्रशासन ने घटनास्थल पर मोर्चा संभाला हुआ है।
सीएम ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह खरगोन-धार के बीच स्थित खलघाट में हुई बस दुर्घटना का संज्ञान लिया है। राहत एवं बचाव का काम जारी है। मुख्यमंत्री खरगोन, इंदौर जिला प्रशासन से निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं। वहीं, पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है।