सत्य पथिक वेबपोर्टल/नई दिल्ली/Monsoon: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने देश के अधिकतर राज्यों में दस्तक दे दी है। दिल्ली, मुंबई समेत देश के कई राज्यों और शहरों में मॉनसून की पहली झमाझम बारिश हुई। मुंबई और दिल्ली में कई सड़कों पर बरसात का पानी भर जाने से वाहन चालकों को आवाजाही में भारी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं।

दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, लद्दाख और राजस्थान, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी मानसून की पहली बारिश शुरू हो गई है। ओडिशा, कर्नाटक, केरल समेत देश के कुछ राज्यों में मानसून पहले ही दस्तक दे चुका है।
दिल्ली में गुरुवार को और बरेली में शुक्रवार सुबह मानसून की पहली बारिश हुई। आज भी हल्की बारिश के आसार हैं। अगले पांच दिन तक दिल्ली-एनसीआर में हल्की वर्षा की संभावना है। बारिश से मौसम ठंडा हुआ है। लोगों को गर्मी, उमस से राहत भी मिली है। देश की व्यावसायिक राजधानी मुंबई में सियासी पारा गिरने के साथ ही बारिश ने भी मौसम ने ठंडक घोल दी है। मुंबई के कई इलाकों में भारी वर्षा के बाद जलजमाव से जनसामान्य को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

यूपी में भी आंधी, वर्षा के आसार
राजधानी लखनऊ समेत यूपी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में आंधी के साथ वर्षा की संभावना है। पश्चिम यूपी के अधिकतर जिलों में भी गुरुवार को मानसून ने दस्तक दे दी है। मेरठ, बुलंदशहर, बिजनौर, शामली, सहारनपुर, मेरठ में वर्षा हुई। लखनऊ मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि मानसून सक्रिय है। अगले दो-तीन दिन ऐसा ही मौसम रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत सभी जिलों में कहीं कम और कहीं ज्यादा बरसात होगी।
बिहार के आठ शहरों में भारी वर्षा का अलर्ट
बिहार में राजधानी पटना समेत कई शहरों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, गोपालगंज, मधुबनी, सुपौल, अररिया व किशनगंज में गरज चमक के वर्षा और कहीं-कहीं भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।
6 जुलाई तक पूरे देश में होगी वर्षा
मौसम विभाग के अनुसार 6 जुलाई तक मानसून पूरे देश को कवर कर लेगा। अगले 24 घंटों में राजस्थान, पूरे पंजाब और हरियाणा के बचे हिस्सों में मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।