मीरगंज में दावत कार्यक्रम में ज्यादा लोगों के चढ़ने से टूट गई सीमेंट की चादरों वाली छत, 10 जख्मी, चार गंभीर
सत्य पथिक वेबपोर्टल/मीरगंज-बरेली/Accident:कस्बा मीरगंज के मालीपुरा मोहल्ले में गुरुवार को नामकरण संस्कार कार्यक्रम के दौरान देर रात कमरे की सीमेंट की चादर की छत गिर गई। हादसे में नवजात बच्ची की मौत हो गई जबकि 10 मेहमान घायल हो गए, इनमें चार की हालत गंभीर है। घायलों को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बताते हैं कि मीरगंज कस्बे के मोहल्ला मालीपुरा में अरविंद के घर पर नवजात पुत्री का गुरुवार को नामकरण संस्कार हुआ था। उसका नाम किरन रखा गया। शाम को दावत का कार्यक्रम चल रहा था। नामकरण में रिश्तेदार भी आए हुए थे। मेहमान और परिजन छत पर बैठे थे। देर रात करीब 9 बजे कुछ और मेहमान कमरे की छत पर जाकर बैठ गए।


कमरे की छत पर लिंटर नहीं था। सीमेंट की चादरें पड़ी थीं। ज्यादा लोगों के चढ़ने से सीमेंट की चादर छूट गई। छत पर बैठी महिलाएं और बच्चे टूटी चादरों व ईंटों के मलबे के साथ नीचे जा गिरे। छत गिरने से समारोह में हाहाकार मच गया। बाहर बैठे लोगों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में रूबी, आशा निवासी चंद्रपुरा, और शांति, धर्मवीर गंभीर रूप से घायल हो गए।रामदेवी उम्र लगभग 75 वर्ष निवासी रुद्रपुर, और दामिनी, वंशू, हंसवती, किरन सहित 10 लोग घायल हुए।

परिजन घायलों को उठाकर सरकारी सीएचसी अस्पताल ले गए। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर अमित कुमार ने नवजात बच्ची किरन को मृत घोषित कर दिया।

इससे माहौल गम में बदल गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। सूचना मिलते ही थाना मीरगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।