15 जुलाई से चलेगा 75 दिन का विशेष अभियान, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दी जानकारी
सत्य पथिक वेबपोर्टल/नई दिल्ली/free covid-19 booster doze to 18-59y people: मोदी सरकार ने अब 18 से 59 साल आयुवर्ग के सभी लोगों को सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर कोरोना टीके की बूस्टर या तीसरी खुराक मुफ्त लगवाने का बड़ा तोहफा दिया है। इस आयुवर्ग के सभी लोगों को एहतियाती बूस्टर डोज या तीसरा टीका लगाने का विशेष अभियान 15 जुलाई से शुरू होकर अगले 75 दिन तक चलेगा।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को यह जानकारी दी। श्री ठाकुर ने बताया कि कोविड बूस्टर डोज के प्रति जागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत यह विशेष अभियान चलाया जाएगा।
वहीं एक केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग के बड़े अधिकारी ने बताया कि 18 से 59 साल की 77 करोड़ पात्र आबादी में से अभी तक एक प्रतिशत से भी कम को ऐहतियाती खुराक दी गई है। हालांकि 60 साल से अधिक उम्र के लगभग 16 करोड़ लोगों तथा स्वास्थ्य कर्मियों एवं अग्रिम मोर्चे के कर्मियों में से करीब 26 प्रतिशत लोग बूस्टर खुराक ले चुके हैं। अधिकारी ने कहा कि भारत की अधिकांश आबादी 9 महीने पहले ही अपनी दूसरी खुराक लगवा चुकी है।
ICMR और अन्य अंतर्राष्ट्रीय अनुसंधान संस्थानों में किए गए अध्ययनों से पता चला है कि टीके की दो शुरुआती खुराक लेने के बाद करीब छह महीने में एंटीबॉडी का स्तर कम होने लगता है। ऐसे में अगर बूस्टर खुराक ले ली जाए तो कोविड-19 प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाती है। इसीलिए सरकार 75 दिन का बूस्टर डोज देने का यह विशेष अभियान चला रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने पिछले हफ्ते सभी के लिए कोविड टीके की दूसरी और ऐहतियाती खुराक के बीच अंतराल को नौ महीने से घटाकर छह महीने कर दिया था। टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी परामर्श समूह की सिफारिश पर ऐसा किया गया था।