दिसंबर के मुकाबले व्यापार घाटे में भी आई गिरावट

नई दिल्ली, सत्य पथिक Business Desk:  देश के निर्यात में जनवरी महीने में 5.37 फीसद की अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है। वाणिज्य मंत्रालय के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2021में निर्यात बढ़कर 27.24 अरब डॉलर हो गया। मंत्रालय ने बताया कि जनवरी में हुई निर्यात में वृद्धि में मुख्य रूप से फार्मास्युटिकल और इंजीनियरिंग क्षेत्र का योगदान रहा। जनवरी, 2021 में हालांकि आयात में भी 2 फीसद बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इस दौरान देश का आयात बढ़कर 42 अरब अमरीकी डालर हो गया। इस प्रकार समीक्षाधीन अवधि में देश का व्यापार घाटा 14.75 अरब अमरीकी डालर का रहा है।

आकंड़ों के अनुसार, जनवरी महीने में फार्मास्युटिकल्स और इंजीनियरिंग क्षेत्र का निर्यात क्रमश: 16.4 फीसद (293 मिलियन डॉलर) और करीब 19 फीसद (1.16 बिलियन डॉलर) बढ़ा।

इससे पहले दिसंबर, 2020 में भी निर्यात में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। दिसंबर, 2020 में निर्यात मामूली बढ़कर 27.15 अरब डॉलर पर पहुंचा था। इस दौरान आयात 7.56 फीसद बढ़कर 42.59 अरब डॉलर रहा था। इस तरह दिसंबर, 2020 में व्यापार घाटा बढ़कर 15.44 अरब डॉलर पर रहा था। इस तरह जनवरी, 2021 में देश के व्यापार घाटे में दिसंबर, 2020 की तुलना में गिरावट आई है।


दिसंबर 2019 में निर्यात 27.11 बिलियन डॉलर रहा था, जबकि आयात 39.5 बिलियन डॉलर रहा था। वहीं, नवंबर 2020 में निर्यात में 8.74 फीसद की गिरावट रही थी। मौजूदा वित्त वर्ष में अप्रैल से दिसंबर के दौरान, देश के माल निर्यात में 15.8 फीसद की गिरावट रही है, जिससे यह 200.55 बिलियन डॉलर रहा। जबकि वित्त वर्ष 2019-20 की समान अवधि में यह 238.27 बिलियन डॉलर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!