




उप्र राजस्व परिषद के बजाय UPSSSC कराएगा भर्ती परीक्षा, नोटिफिकेशन जल्द
सत्य पथिक वेबपोर्टल/लखनऊ/UP Sarkari Naukri: उत्तर प्रदेश में लेखपालों के अरसे से खाली पड़े 3243 पदों पर जल्द भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। भर्ती परीक्षा आयोजित कराने का अधिकार उप्र राजस्व परिषद से छीनकर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) को दिया गया है। आयोग अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जल्द भर्ती प्रक्रिया का नोटिफिकेशन जारी कर सकता है।

योगी सरकार की कैबिनेट मीटिंग में लेखपालों के 3243 रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया को हरी झंडी दे दी गई है। कैबिनेट मीटिंग में राज्य में लेखपालों के कुल 26,337 मूल पदों में रिक्त पड़े 4500 पदों का भी विलय कर दिया गया है। इस तरह अब उप्र में लेखपालों के कुल पदों की संख्या बढ़कर 30837 हो गई है। अप्रैल 2022 में लेखपाल के कुल 11,328 पद खाली थे। वर्तमान में लेखपालों के 8,085 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। शेष 3243 पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी जल्द शुरू हो रही है। फरवरी 2015 में 27,237 पदों में से लेखपालों के 900 और अमीन (सर्वेयर) के 408 पदों को समाप्त करते हुए राजस्व निरीक्षक के 1308 पद सृजित किए गए थे। अब योगी कैबिनेट में फैसला लिया गया है कि लेखपाल भर्ती का अधिकार UPSSSC के पास होगा।
आयोग अब जल्द ही लेखपाल के 3243 रिक्त पदों की भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी करेगा। लेखपालों के रिक्त पदों पर भर्ती लिखित परीक्षा और मेडिकल टेस्ट के आधार पर की जाएगी। विस्तृत नोटिफिकेशन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर शीघ्र जारी होने की संभावना है।