सत्य पथिक वेबपोर्टल/लखनऊ/narrow escape of Shivpal Yadav: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव के काफिले की एक गाड़ी को बुधवार को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार सवार चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, शिवपाल यादव एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुधवार को इटावा स्थित अपने आवास से कठफोरी फिरोजाबाद जा रहे थे। मैनपुरी जिले की सीमा पर यह हादसा हो गया। सभी घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सबकी हालत में सुधार भी बताया जा रहा है। प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव ने अस्पताल पहुंचकर सुरक्षा कर्मियों के इलाज की व्यवस्था कराई और उनका हालचाल भी लिया।
मैनपुरी जिले की मीठापुर सीमा पर शिवपाल सिंह यादव की कार की गति थोड़ी धीमी हुई और किनारे हो गई। स्कार्ट कर रहे पुलिस वाहन के चालक ने जैसे ही ब्रेक लिए, पीछे से आ रही औरैया डिपो की रोडवेज बस ने इस गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार सवार चारों सुरक्षा कर्मी घायल हो गए और वाहन भी क्षत्रिग्रस्त हो गया। घायल जवानों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। हादसे में घायल पुलिस के जवानों में उप निरीक्षक सतीश कुमार, कांस्टेबल पंकज, शैलेंद्र कुमार, चालक वीरपाल सिंह, और निजी सुरक्षाकर्मी इंद्रजीत यादव शामिल हैं।