सत्य पथिक वेबपोर्टल/चंडीगढ़/Kuldeep Vishnoi joins BJP: पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के पुत्र और
आदमपुर के पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की मौजूदगी में गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। बिश्नोई ने कांग्रेस का दामन छोड़ने के बाद गुरुवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। विश्नोई के साथ उनके पुत्र भव्य बिश्नोई, मां जसमा देवी और पत्नी रेणुका बिश्नोई ने भी भाजपा की सदस्यता ली है।

भाजपा ज्वाइन करने के बाद कुलदीप बिश्नोई ने पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया। कुलदीप ने कहा कि पीएम मोदी ने साधारण कार्यकर्ता को भी बड़ा सम्मान दिया है। कहा-हजकां और बीजेपी का चोली दामन का साथ था, मतभेद जरूर हुए, पर मनभेद नहीं। कुलदीप ने पीएम मोदी को सबसे बेहतरीन प्रधानमंत्री बताते हुए कहा कि मैं मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नई नीतियों से प्रभावित हूं। आठ साल में किसी भी सीएम का बेदाग रहना बड़ी बात है।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ भी मौजूद रहे। बाद में कुलदीप बिश्नोई और रेणुका बिश्नोई ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की।