सत्य पथिक वेबपोर्टल/लखनऊ/SP’s all units dissolved: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश अध्यक्ष को छोड़कर पार्टी की सभी इकाइयों को भंग कर दिया है।
समाजवादी पार्टी के टि्वटर हैंडल से यह जानकारी दी गई है। ट्वीट में लिखा है, ‘समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा उ.प्र. के अध्यक्ष को छोड़कर पार्टी के सभी युवा संगठनों, महिला सभा एवं अन्य सभी प्रकोष्ठों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष सहित राष्ट्रीय, राज्य, जिला कार्यकारिणियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।’

समाजवादी पार्टी के पुनर्गठन को लेकर अखिलेश यादव ने यह बड़ा कदम उठाया है। हालिया यूपी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को भाजपा के मुकाबले करारी हार झेलनी पड़ी थी। भारतीय जनता पार्टी ने 255 सीटें जीती थी, जबकि सपा के हिस्से में 111 सीटें ही आ पाई थीं। समाजवादी पार्टी ने आरएलडी समेत कई छोटे दलों से गठबंधन भी किया था, लेकिन अखिलेश यादव की यह रणनीति भी काम नहीं आई। आरएलडी ने 8 सीटों पर जीत हासिल की थी. वहीं, सपा के दूसरी सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने 6 सीटें जीती थीं। कांग्रेस 2 और बसपा ने केवल 1 सीट ही जीत पाई थी।