सत्य पथिक वेबपोर्टल/बर्मिंघम-इंग्लैंड/India in CWG: बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों के छठे दिन बुधवार को भारत के हाई जंपर तेजस्विन शंकर ने ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में कांस्य जीतकर भारत के पदकों का खाता खोला। तेजस्विन राष्ट्रमंडल खेलों में हाई जंप में भारत के लिए पदक जीतने वाले पहले एथलीट भी बन गए हैं। फाइनल में तेजस्विन ने 2.22 मीटर के जंप के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। तेजस्विन को बर्मिंघम में 22वें राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय दल में आखिरी समय में शामिल किया गया था। लेकिन उन्होंने वो कारनामा कर दिखाया जो उनसे पहले राष्ट्रमंडल खेलों में और कोई भारतीय एथलीट नहीं कर सका।

लगाई 2.22 मीटर ऊंची छलांग
तेजस्विन शंकर 2.22 मीटर ऊंची छलांग लगाकर तीसरे स्थान पर रहे और कांस्य पदक जीता। न्यूजीलैंड के हमिश केर ने 2.25 मीटर ऊंची छलांग लगाकर इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल जीता। ऑस्ट्रेलिया के ब्रेंडन स्टार्क भी इतनी ही ऊंची छलांग लगाकर दूसरे पायदान पर रहे।मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले 23 वर्षीय तेजस्विन कांस्य पदक जीतने की कोशिश में अपने ही सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन की बराबरी नहीं कर सके। उन्होंने साल 2018 में 2.29 मीटर ऊंची छलांग लगातार राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में रहे थे छठे स्थान पर
साल 2018 में गोल्डकोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में तेजस्विन छठे पायदान पर रहे थे। उन्होंने इन खेलों के लिए क्वालीफाई करने के दौरान अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को बेहतर किया था। बुधवार को तेजस्विन शंकर ने अपने आखिरी प्रयास के दौरान 2.28 मीटर ऊंची छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश की लेकिन वो नाकाम रहे और उन्हें अंतत: महज 3 सेमी के अंतर से कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा।