छुटपुट प्रदर्शनों को छोड़ बाकी देश भर में कहीं से भी नहीं है बड़़े चक्का जाम की खबर
नई दिल्ली, सत्य पथिक न्यूज नेटवर्क/Farmers Chakkajam: नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों ने शनिवार को आहूत देशव्यापी चक्का जाम का हरियाणा और पंजाब में ही थोड़ा असर देखने को मिला। बाकी देश भर में छुटपुट प्रदर्शनों को छोड़कर कहीं से भी बड़े चक्का जाम की खबर नहीं है।किसान संगठनों ने शनिवार दोपहर 12 बजे से अपराह्न तीन बजे तक तीन घंटे के देशव्यापी चक्का जाम का आह्वान किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारी कई जगहों पर सड़कों पर बैठ गए। चक्का जाम के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पहरा था। हालांकि, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में किसानों ने प्रदर्शन नहीं किया।
Countrywide Chakka Jam Updates
- महाराष्ट्र: सतारा जिले के कराड शहर में ‘रास्ता रोको’ का आयोजन किया गया। वहीं कराड में कोल्हापुर नाका पर दोपहर के समय व्यस्त सड़क पर प्रदर्शन करने के चलते पुलिस ने कम से कम 40 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया, जिनमें वरिष्ठ कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण की पत्नी सत्वशीला चव्हाण भी शामिल रहीं।त्रहालांकि बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
- कर्नाटक: किसानों ने बनकापुर टोल पर और टोल के पास नेशनल हाइवे पर चक्का जाम किया।
- बेंगलुरु: येलहंका पुलिस स्टेशन के बाहर आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
- पंजाब: किसानों ने अमृतसर में अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाईवे को जाम किया। मोहाली में भी चक्का जाम किया।
- तेलंगाना: हैदराबाद के बाहरी इलाके में हाईवे पर आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हटाया।
- दिल्ली: शहीदी पार्क इलाके में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, जो आज किसानों द्वारा बुलाए गए देशव्यापी ‘चक्का जाम’ के तहत कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध कर रहे थे।जम्मू-कश्मीर: किसानों ने जम्मू-पठानकोट हाईवे पर चक्का जाम किया।
- हरियाणा: प्रदर्शनकारियों ने शाहजहांपुर सीमा (राजस्थान-हरियाणा) के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को ब्लॉक किया।
- कैसे रहे दिल्ली के हालात?
- मंडी हाउस, आईटीओ और दिल्ली गेट के प्रवेश और निकास द्वार बंद हैं। विश्वविद्यालय, मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार भी बंद हैं। खान मार्केट और नेहरू प्लेस के प्रवेश और निकास द्वार भी बंद हैं। दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने इसकी जानकारी दी है।
- दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में दिल्ली पुलिस, पैरामिलिट्री और रिजर्व फोर्सेस के लगभग 50 हजार जवान तैनात हैं। दिल्ली में कम से कम 12 मेट्रो स्टेशनों पर किसी भी गड़बड़ी के मद्देनजर अलर्ट पर हैं।
- लाल किला पर भारी सुरक्षाबल तैनात किया गया है।
चक्का जाम करने वालों के साथ कंधे से कंधे मिलाकर खड़े रहेंगे- कांग्रेस
राज्यसभा में कृषि कानूनों का बचाव करने पर कांग्रेस ने कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर पर भी निशाना साधा। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता चक्का जाम करने वालों के साथ कंधे से कंधे मिलाकर खड़े रहेंगे। कांग्रेस ने एक बार फिर सरकार से तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग की है।
दिल्ली में रही बेहद कड़ी सुरक्षा
किसान यूनियनों द्वारा प्रस्तावित ‘चक्का जाम’ के मद्देनजर अतिरिक्त बलों की तैनाती के साथ दिल्ली में कड़ी सुरक्षा रही। सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई और कंटीले तार लगाए गए । लाल किले के पास भी भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात रहा। कई जगहों पर ड्रोन से निगरानी हुई।