यूपी में बरेली से सपा विधायक शहजिल इस्लाम ने मुर्मू को दिया वोट, असम में 20 कांग्रेस विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने की खबर
सत्य पथिक वेबपोर्टल/नई दिल्ली/cross voting in Presidential Election: भारत के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान हुआ लेकिन देश के सबसे बड़े संवैधानिक पद के लिए हुए चुनाव में इस बार यूपी, गुजरात, ओडिशा से लेकर असम तक क्रॉस वोटिंग भी खूब देखने को मिली। यूपी के बरेली से सपा विधायक शहजिल इस्लाम अंसारी ने एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को वोट किया। उधर, गुजरात में एनसीपी और ओडिशा-असम में कांग्रेस विधायक द्वारा क्रॉस वोटिंग की खबर है।

इससे पहले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी प्रसपा प्रमुख और अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को आईएसआई एजेंट बताए जाने संबंधी बयान पर लपेटे में लेते हुए उन्हें समर्थन नहीं देने का ऐलान किया था और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से भी ऐसी ही अपील की थी। हालांकि, पूर्व सीएम और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सपा विधायकों को यशवंत सिन्हा को ही वोट देने को निर्देशित किया।

गुजरात, ओडिसा में भी क्रॉस वोटिंग
गुजरात में शरद पवार की पार्टी एनसीपी के विधायक कंधाल एस जडेजा ने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट देने की बात कही है। उधर, ओडिशा में कांग्रेस विधायक मोहम्मद मुकीम ने भी अंतरात्मा की आवाज़ पर मुर्मू को वोट देने का दावा किया। मुकीम ओडिशा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाए जाने को लेकर हाईकमान से नाराज चल रहे हैं।
असम में 20 कांग्रेस विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने का दावा
असम में AIUDF के विधायक करिमुद्दीन बारभुइया ने दावा किया है कि राज्य में कांग्रेस के कई विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। करीमुद्दीन के मुताबिक, कांग्रेस की रविवार की मीटिंग में जिला अध्यक्षों के अलावा सिर्फ 2-3 विधायक ही पहुंचे थे।करीमुद्दीन ने कांग्रेस के 20 से ज्यादा विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग करने का दावा किया है।