राज्य संदर्भ समूह के सदस्यों ने समाचारपत्र का अवलोकन एवं लोकार्पण किया, बच्चों की पीठ भी थपथपाई
सत्य पथिक वेबपोर्टल/बरेली/little journalists: यह है उच्च प्राथमिक विद्यालय जोगीठेर! यहां के होनहार-मेधावी बच्चे पढ़ाई के साथ ही अपना मासिक समाचारपत्र भी पिछले काफी समय से सफलतापूर्वक निकाल रहे हैं।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक लालबहादुर गंगवार ने बताया कि उच्च प्राथमिक विद्यालय जोगीठेर में बच्चे पूरे माह की गतिविधियां दो-तीन पेज के समाचारपत्र पर अंकित करते हैं। बच्चों में से ही वरिष्ठ संपादक, सह संपादक और क्षेत्रीय संवाददाता आदि चयनित होते हैं। कक्षा अध्यापक के निर्देशन में बच्चों के अखबार के नाम से कोई नाम चयनित कर प्रत्येक माह समाचार पत्र का प्रकाशन किया जाता है। बच्चे बहुत ही उत्साह से पत्र प्रकाशन में भाग लेते हैं और मन मुताबिक समाचार पत्र का नाम भी रखते हैं जैसे- चंचल मन बालमन इत्यादि। सभी कक्षाध्यापकों के निर्देशन में बारी-बारी से हर महीने लगभग जीरो लागत से समाचार पत्र प्रकाशित कराया जाता है।

शनिवार को राज्य संदर्भ समूह के सदस्य डॉ. अनिल चौबे, धर्मवीर गंगवार एवं एआरपी निधि वर्मा द्वारा विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रकाशित समाचार पत्र के नए अंक का अवलोकन एवं लोकार्पण किया गया। अतिथियों की दृष्टि में पूरे महीने की गतिविधियों से युक्त यह समाचार पत्र न केवल ज्ञानवर्धक, बल्कि मनोरंजक भी है। स्टेट रिसोर्स पर्सन द्वारा भी समाचार पत्र और बच्चों के प्रयास की प्रशंसा की गई। निर्देशन कर्ता के रूप में दीपा गुप्ता, आकांक्षा रावत, रेनू गंगवार, मीनू रस्तोगी, गीता यादव, नीलम, बेबी, तबस्सुम, चरण सिंह, गौरव, रुखसाना, बेगम, मोहन सिंह आदि रहे। राज्य संदर्भ समूह के सदस्यों द्वारा विद्यालय के अध्यापकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उपयोगी टिप्स भी दिए गए।