नई दिल्ली, सत्य पथिक न्यूज नेटवर्क: नए कृषि कानूनों के खिलाफ करीब ढाई माह से जारी आंदोलन के बीच शनिवार को किसान देश भर में चक्का जाम करेंगे। वहीं, किसी अनहोनी से बचने के लिए प्रशासन भी तैयारी में जुटा हुआ है। चक्का जाम दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक ही रहेगा। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि जो लोग यहां नहीं आ पाएं वो अपनी-अपनी जगहों पर ही शांतिपूर्ण तरीके से चक्का जाम करेंगे।
तीन राज्यों में इसलिए नहीं होगा चक्का जाम
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि 6 फरवरी को सिर्फ 2 राज्यों में चक्का जाम नहीं होगा। ये 2 राज्य हैं- उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड। इन 2 राज्यों और दिल्ली को छोड़कर पूरे देश में चक्का जाम होगा। टिकैत ने बताया कि हमारे पुास पुख्ता सबूत थे कि कल कुछ लोग चक्का जाम के दौरान हिंसा फैलाने की कोशिश कर सकते हैं। लिहाजा, जनहित को देखते हुए दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश को कल होने वाले चक्का जाम से अलग रखा है।
दिल्ली, हरियाणा, यूपी पुलिस चक्का जाम को लेकर गंभीर
किसान नेता राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम करने की घोषणा कर चुके हैं। वहीं, दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि चक्का जाम को लेकर हमसे किसी भी किसान नेता ने संपर्क नहीं किया है, लेकिन दिल्ली, यूपी और हरियाणा पुलिस इसे लेकर काफी गंभीर है। दरअसल शनिवार होने के कारण हाईवे पर अच्छी खासी वाहनों की भीड़ होती है। 26 जनवरी की हिंसा से काफी लोग आंदोलन को लेकर गुस्से में भी हैं। ऐसे में पुलिस बेहद सतर्कता बरत रही है।
दिल्ली के बॉर्डर्स पर बढ़ाई खास चौकसी
दिल्ली पुलिस के पीआरओ ने कहा कि पूरे देश में कल किसानों का तीन घंटे का चक्का जाम होने वाला है, उसके मद्देनज़र हमने दिल्ली के सभी बॉर्डर्स पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की है। हालांकि किसानों ने कहा कि वे दिल्ली में ऐसा कुछ नहीं कर रहे हैं लेकिन 26 जनवरी को जो हुआ, उसके मद्देनज़र हमने ऐसा किया है।
कांग्रेस ने किया ‘चक्का जाम’ का समर्थन
कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को किसान संगठनों द्वारा किए जाने वाले ‘चक्का जाम’ का समर्थन किया है। दिल्ली में हरियाणा के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक के बाद कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बैठक में हमने किसानों के आंदोलन का समर्थन करने की बात कही है। हमारी पार्टी का निर्णय है कि नए कृषि क़ानून वापस होने चाहिए। कांग्रेस किसानों के साथ है।
हरियाणा में प्रशासन अलर्ट
हरियाणा के डीजीपी मनोज यादव ने बताया कि एसपी जिलों में किसानों से बात कर रहे हैं ताकि कहीं कोई समस्या नहीं हो। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की जाएगी। इससे लोगों को घर से निकलने से पहले यह पता रहेगा कि उन्हें किस रूट से जाना है।
आरएलडी का भी किसान आंदोलन को समर्थन
किसान आंदोलन को मजबूती देने के लिए शुक्रवार से उत्तर प्रदेश और राजस्थान में किसान पंचायतों की सीरीज शुरू की जाएगी, जो फरवरी के अंत तक चलेगी। इन पंचायतों का आयोजन राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) की तरफ से किया जा रहा है। आरएलडी ने पिछले हफ्ते किसान आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की थी।