जबलपुर-मप्र, सत्य पथिक न्यूज नेटवर्क: मध्य प्रदेश के मंडला जिले में मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए हैं। इनमें एक महिला और एक पुरुष है।

मोतीनाला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात यह मुठभेड़ शुरू हुई। मारे गए दोनों नक्सलियों से पुलिस ने तीन रायफलें, नक्सली साहित्य और दैनिक उपयोग की सामग्री जब्त की है।

नौ घंटे चली मुठभेड़

एडीजी केपी वेंकटेश्वर राव ने बताया कि लालपुर गांव के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई यह मुठभेड़ करीब नौ घंटे चली। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो नक्सली मारे गए। दोनों नक्सली कान्हा भोरमदेव बोड़ला कमेटी के सदस्य बताए गए हैं।

14-14 लाख के इनामी थे दोनों

मृतक नक्सली दुल्ला उर्फ मैनू (22) और गीता (25) दोनों दक्षिण बस्तर जिला सुकमा (छत्तीसगढ़) के रहने वाले थे। दोनों ही नक्सली एरिया कमेटी मेंबर विस्तार प्लाटून-तीन के थे। दोनों पर ही मध्य प्रदेश के अलग-अलग थानों में 12-12 अपराध और छत्तीसगढ़ में छह-छह अपराध दर्ज थे। इन राज्यों में नक्सली दुल्ला और गीता पर कुल 14-14 लाख रुपये का इनाम घोषित था। अनुमान है कि मुठभेड़ में कोई अन्य नक्सली गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसे नक्सली अपने साथ ले गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!