सत्य पथिक वेबपोर्टल/मुम्बई/Maharashtra Cabinet Expansion: महाराष्ट्र में सत्ता के उलटफेर के बाद कैबिनेट विस्तार का इंतजार अब खत्म हो गया है। शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह 11 बजे राजभवन में होगा। भाजपा-शिंदे खेमे के कुल 14 मंत्रियों के फिलहाल शपथ लेने की संभावना है। 10 से 17 अगस्त तक मानसून सत्र चलेगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंटीवार, चंद्रकांत पाटिल, गिरीश महाजन मंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। इसके अलावा राधाकृष्ण विखे पाटिल, सुरेश खाड़े, अतुल मोरेश्वर सावे, मंगल प्रभात लोढ़ा, विजयकुमार गावित और रवींद्र चव्हाण भी भाजपा कोटे से मंत्री पद के सशक्त दावेदार हैं। शिंदे गुट से गुलाब रघुनाथ पाटिल, सदा सर्वंकर और दीपक वसंत केसरकर आज शपथ ले सकते हैं। एक महिला विधायक समेत दो और विधायक मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।
शिवसेना से बगावत के बाद एकनाथ शिंदे ने 30 जून को सीएम और पूर्व मुख्यमंत्री-बीजेपी नेता देवेंद्र फडणीस ने डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली थी। तभी से दोनों दो सदस्यीय कैबिनेट के रूप में काम कर रहे थे। इसे लेकर विपक्ष लगातार आलोचना भी करता रहा है। कैबिनेट विस्तार के सिलसिले में फडणवीस और शिंदे कई बार दिल्ली जाकर पार्टी हाईकमान से भी मिल चुके हैं।
इस मंत्रिमंडल विस्तार के अलावा अब शिवसेना किसकी होगी, ये जंग भी जोर पकड़ने वाली है. चुनाव आयोग में सोमवार को दोनों शिंदे और उद्धव गुट को कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करवाने थे. लेकिन अभी तक सिर्फ शिंदे खेमे की तरफ से दस्तावेज आए हैं. सूत्रों के मुताबिक शिवसेना के शिंदे गुट ने हलफनामे के साथ नत्थी दस्तावेजों में सबूत के तौर पर विधायक, सांसद, स्थानीय निकायों में पार्षद की सूची के साथ साथ पार्टी की केंद्रीय, राज्य और स्थानीय इकाइयों में अपने समर्थकों की दावेदारी की सूची के साथ जमा की है।