कृषि कानून के विरोध में भाकियू के भारत बंद के तहत मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बुलंदशहर, बागपत, शामली और हापुड़ जिले के 183 स्थानों पर हाईवे जाम लगाया जाएगा। इसके अलावा अन्य जिलोमे भी भारत बंद रहेगा। ऐसे आम आदमी को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यदि जरूरी हो तो ही घर से बाहर निकलें। हालांकि किसान एंबुलेंस और शादी के वाहनों को नहीं रोकेंगे।

उधर वेस्ट यूपी की सबसे बड़ी मुजफ्फरनगर की गुड़ मंडी बंद में शामिल नहीं होने का फैसला लिया है। इसी तरह सहारनपुर की मंडी भी खुलेगी, लेकिन बुलंदशहर की मंडियां बंद रहेंगी। जोन और सेक्टर स्कीम लागू कर सुबह सात बजे से सड़कों पर फोर्स उतारने का फैसला लिया है। सपा, बसपा, कांग्रेस व रालोद ने बंद का समर्थन किया है। मेरठ में बाजार बंद करने को लेकर व्यापारी बंट गए हैं। शासन के आदेश पर कमिश्नर अनीता सी मेश्राम और एडीजी राजीव सबरवाल ने बंद को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश दिए हैं। 

भाकियू नेताओं ने बताया कि मेरठ में 37 स्थानों पर चक्का जाम रहेगा। सभी हाईवे, तहसील और ब्लाक जाने वाली सड़कों को किसान जाम करेंगे। मेरठ जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ने कहा कि किसान स्वेच्छा से कहीं भी जाम लगा सकते हैं। बिजनौर में 85 स्थानों पर भाकियू कार्यकर्ता चक्का जाम करेंगे। यहां बैराज रोड चौराहा, चक्कर रोड, नगीना, नजीबाबाद, धामपुर, चांदपुर आदि स्थानों पर जाम लगाया जाएगा। सहारनपुर में दो स्थानों पर, मुजफ्फरनगर में करीब 20 स्थानों पर चक्का जाम किया जाएगा। वहीं शामली में 19 स्थानों पर, बुलंदशहर में नौ स्थानों पर चक्का जाम करने की योजना है। इसके अलावा बागपत, बड़ौत, खेकड़ा सहित आठ जगहों पर चक्का जाम की तैयारी पूरी कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!