लखनऊ, सत्य पथिक न्यूज नेटवर्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राजधानी में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये प्रदेश की 146 बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं का लोकार्पण और 170 अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन सभी परियोजनाओं पर 1800 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च होगी।
पूर्ववर्ती विपक्षी सरकारों पर करारा हमला
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर अपने संबोधन में प्रदेश में सत्तारूढ़ रही विपक्षी दलों की सरकारों पर करारा हमला बोला। कहा “जितना पैसा हम आज खर्च कर रहे हैं, उससे कहीं गुना ज्यादा पैसा इससे पहले फिजूल में पानी की तरह बहाया जाता था। योजनाएं न तो समय पर बनती थीं, और न समय से लागू ही हो पाती थीं। लिहाजा समय से पूरी होने का तो सवाल ही नहीं था।”
सीएम ने कहा-“मान्यता थी कि बाढ़ परियोजनाएं बाढ़ आने के पहले बनती हैं और बाढ़ समाप्त होने के साथ ही समाप्त भी हो जाती हैं, आज हमने उस मिथक को हमने तोड़ा है।” मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले बाढ़ प्रभावित 40 जनपदों में से 24 अतिसंवेदनशील और 16 संवेदनशील श्रेणी में थे। आज प्रदेश की जनता को बाढ़ से बचाने के लिए तमाम छोटी-बड़ी परियोजनाओं पर कार्य हुआ है। इस दौरान मुख्यमंत्रियों ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ बचाव के लिए किए गए नए प्रयोगों के खासकर सरयू, राप्ती नदियों में अच्छे परिणाम सामने आए हैं। सीएम ने स्पष्ट किया कि बहुत सी बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं पर हमारी सरकार ने इस साल जनवरी में ही कार्य प्रारम्भ करवा दिया था। 15 मई तक इन सभी कार्यों को पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री ने इस आपदा से पीड़ित किसानो को भी बड़ा सन्देश दिया। कहा- “हमारा ये विश्वास आमजन और किसानों की पूंजी बननी चाहिए, जिनकी फसलों की बाढ़ में व्यापक क्षति होती थी। बाढ़ से फसलों और जनजीवन को बचाने के लिए उन्होंने नवीनतम तकनीक के भरपूर इस्तेमाल पर भी जोर दिया।
मोहम्मदगंज, गोरा में भी होंगे 3 करोड़ के पिचिंग कार्य, विधायक ने किया शिलान्यास
मीरगंज, बरेली। विकास क्षेत्र मीरगंज के मोहम्मदगंज और गोरा हेमराजपुर गांवों को हर साल बरसात में नदी के कटान की विभीषिका से बचाने के प्रदेश सरकार ने तीन करोड़ रुपये की लागत के पक्के पिचिंग कार्य को मंजूरी दी है। बुधवार को क्षेत्रीय भाजपा विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने ग्राम मोहम्मदगंज में दुजोड़ा नदी के घाट पर पिचिंग कार्य का शिलान्यास किया। पिचिंग कार्य बाढ़ नियंत्रण विभाग बरेली द्वारा कराया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक डॉ डीसी वर्मा के साथ उप जिलाधिकारी ममता मालवीय, पुलिस क्षेत्राधिकारी रामानंद राय, विधायक प्रतिनिधि संजय सिंह चौहान, बाढ़ नियंत्रण खंड के संबंधित अधिकारी, सैकड़ों भाजपाई और गांव, इलाके भर के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।